पालगंज। जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के लोहिजरा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधवलिया में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीन की हालत गंभीर देखते हुए शुक्रवार को सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहिजरा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर परिजनों में पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान लाठी-डंडे और धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
घायलों में भागराशन महतो, सपना कुमारी, अनिता कुमारी, कुसुम देवी, प्रमिला कुमारी, ब्रह्मदेव महतो और कैलासो देवी शामिल हैं। चिकित्सकों ने भागराशन महतो, प्रमिला देवी और कैलासो देवी की स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी हुई है।
