गोपालगंज। आगामी 14 मार्च 2026 को व्यवहार न्यायालय परिसर, गोपालगंज में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को व्यवहार न्यायालय के नए भवन स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गीता गुप्ता के निर्देश पर किया गया।

बैठक की अध्यक्षता प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय धीरेंद्र बहादुर सिंह ने की। इसमें सीजेएम स्तर तक के सभी न्यायिक पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान न्यायिक अधिकारियों को अपने-अपने न्यायालयों से अधिकाधिक सुलहनीय प्रकृति के वादों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया।

साथ ही यह भी कहा गया कि न्यायालयों में प्रतिनियुक्त पारा लीगल वॉलंटियर द्वारा चिन्हित वादों में शीघ्र नोटिस तैयार कर थानों के माध्यम से तामिला सुनिश्चित कराया जाए, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों का अधिक से अधिक निष्पादन हो सके। न्यायिक पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि चिन्हित वादों में पक्षकारों के बीच प्री-सिटिंग कर मामलों को निष्पादन योग्य बनाया जाए।

बैठक में एसीजेएम प्रथम गोपाल प्रसाद गुप्ता, एसीजेएम सोलह पल्लवी मौर्या, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अनूप कुमार उपाध्याय सहित अन्य सभी न्यायिक दंडाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी न्यायिक पदाधिकारियों ने अपने-अपने न्यायालयों से अधिकाधिक वादों के निष्पादन का आश्वासन दिया।