गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के सरेया वार्ड नंबर एक में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब उपेंद्र पांडेय के मकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें आसमान छूने लगीं और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग दहशत में आ गए और अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। वहीं नगर थाना की पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। आग की भयावहता को देखते हुए कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग से घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया।
फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
