देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को सुबह 5 बजे से 8 बजे तक “मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। इस दौरान सभी थाना प्रभारी और थानाध्यक्षों ने आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की।
अभियान का उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से लोगों में विश्वास और सुरक्षा की भावना बढ़ाना तथा मित्र पुलिसिंग को मजबूत करना रहा। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ली गई तथा चोरी की गाड़ियों, तीन सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले दुपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही अवैध असलहा और मादक पदार्थों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।
जनपद के कुल 14 स्थानों पर चलाए गए इस अभियान के दौरान 299 व्यक्तियों और 186 वाहनों की जांच की गई। पुलिस की इस पहल की लोगों ने सराहना की और सुबह की सैर के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया।
