गोपालगंज में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा आधारभूत सुविधाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, भाटपार रानी विधायक सभाकुंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चंद्र तिवारी, एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि राजू मणि, एमएलसी ध्रुव त्रिपाठी के प्रतिनिधि अवधेश सिंह तथा भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन, मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने ग्राम विकास विभाग, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूह गठन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में कराए जा रहे कार्य, ऑपरेशन कायाकल्प, जल जीवन मिशन, गौ संरक्षण, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा पीएम कुसुम योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉकवार जलापूर्ति योजनाओं की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। इस पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का स्पष्ट विवरण जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाए ताकि कार्यों की नियमित निगरानी की जा सके। सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन और पूर्ण सड़कों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही विद्युत पोल शिफ्टिंग और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली गई।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभार्थियों की स्थिति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए और किसी भी योग्य व्यक्ति को लाभ से वंचित न रखा जाए।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाए ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
इस दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि जिले में चल रही सभी विभागीय योजनाओं में बेहतर समन्वय और परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए और विकास कार्यों में गुणवत्ता तथा पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का पूर्ण पालन कराया जाएगा और अगली समीक्षा बैठक में अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही बैठक में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों का आभार भी व्यक्त किया गया।
