गोपालगंज। प्रसिद्ध थावे मंदिर परिसर में हुए चोरी कांड से संबंधित बरामद माता रानी के सोने-चांदी के आभूषण न्यायालय के आदेश पर विधिवत रूप से मंदिर प्रशासन को सौंप दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी की मौजूदगी में थावे मंदिर में पूजा-अर्चना कर आभूषणों को मंदिर के मुख्य पुजारी और मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों को सुपुर्द किया गया।
जानकारी के अनुसार चोरी की घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए माता रानी के सोने-चांदी के मुकुट, हार तथा छतरी के टुकड़ों को बरामद किया था। न्यायालय के आदेश के बाद इन बरामद आभूषणों को थावे मंदिर के मुख्य पुजारी तथा श्री श्री माँ दुर्गा मंदिर न्यास समिति थावे के व्यवस्थापक अमरेन्द्र दुबे और सदस्य ओमप्रकाश राय की उपस्थिति में विधिवत प्राप्त कराया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और बरामद आभूषण मंदिर प्रशासन को सौंपे। आभूषणों को सौंपने के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भी मौजूदगी रही।
मंदिर प्रशासन ने आभूषण वापस मिलने पर पुलिस प्रशासन और न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता से चोरी गए आभूषणों की बरामदगी संभव हो सकी, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास मजबूत हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। थावे मंदिर जिले का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं।
