देवरिया। जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में गुरुवार को “मार्निंग वॉकर चेकिंग” अभियान चलाया गया। यह अभियान सुबह 5 बजे से 8 बजे तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाया गया, जिसमें थाना प्रभारी और पुलिस टीमों ने मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना तथा आमजन के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा छोटे-मोटे विवादों को सामुदायिक स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया। इस दौरान मित्र पुलिसिंग की अवधारणा को भी बढ़ावा दिया गया, ताकि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सके।
चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग करते हुए संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। साथ ही तीन सवारी बैठाकर चलने वाले दोपहिया वाहनों, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा अवैध असलहा, चोरी के वाहन तथा मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए भी सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने लोगों को मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान के उद्देश्य और नियमों की जानकारी भी दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए मॉर्निंग वॉक के दौरान बेहतर सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
जनपदीय पुलिस द्वारा जिले के कुल 15 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 243 व्यक्तियों और 132 वाहनों की जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आमजन की सुरक्षा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।
