गोपालगंज शहर के जादोपुर रोड स्थित जिला परिषद सभागार भवन में रविवार को अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने की। अपराध गोष्ठी में जिले के सभी एसडीपीओ, थानाध्यक्ष, प्रवेक्षी पदाधिकारी तथा पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एसपी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण के साथ-साथ शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने का सख्त निर्देश दिया।

बैठक में एसपी विनय तिवारी ने कहा कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस पदाधिकारी सक्रियता के साथ काम करें और अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा वारंटियों की गिरफ्तारी तेज की जाए। साथ ही कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

एसपी ने विशेष रूप से शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने पर जोर देते हुए कहा कि होली पर्व को देखते हुए यूपी सीमा से सटे क्षेत्रों तथा अन्य जिलों से जुड़ने वाले सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जाए। सीमावर्ती चेकपोस्टों पर चौकसी बढ़ाने, वाहनों की नियमित तलाशी लेने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों की सूची तैयार करने तथा वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों के साथ समन्वय स्थापित करने की भी हिदायत दी।

एसपी ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

अपराध गोष्ठी में सदर एसडीपीओ प्रांजल, सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार, हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, मुख्यालय डीएसपी विजय कुमार मिश्रा, लाइन डीएसपी सुबोध कुमार, यातायात डीएसपी सहित सभी थानाध्यक्ष तथा एफएसएल टीम के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक के अंत में एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को टीमवर्क के साथ कार्य करने और हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।