गोपालगंज जिले के कुचायकोट प्रखंड अंतर्गत राजापुर बाजार में रविवार को फाल्गुन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रंग, उमंग और पारंपरिक लोकधुनों से सराबोर इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को होली के उल्लास में रंग दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और देर शाम तक गीत-संगीत का दौर चलता रहा।
महोत्सव में लोक गायकों ने एक से बढ़कर एक होली गीत और लोकगीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत गायक विनय तिवारी ने प्रसिद्ध होली गीत “ब्रज में होली खेले रसिया” से की, जिस पर श्रोता झूम उठे। इसके बाद उन्होंने “वीर कुंवर सिंह तेगवा बहादुर” सहित कई होली गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साह और देशभक्ति के रंग में रंग दिया। उनके गीतों पर युवा देर तक थिरकते नजर आए।
गायक पंकज त्रिपाठी ने “होलिया में उड़े रे गुलाल” गीत से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने “होली खेले रघुवीरा अवध में” सहित कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा माहौल होलीमय हो गया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में प्रिया सिंह सहित अन्य कलाकारों ने भी आकर्षक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। आयोजन स्थल पर देर शाम तक गीत-संगीत और रंगों का उत्साह बना रहा।
इस अवसर पर आयोजक छोटे राय, केशव ओझा, नितेश मिश्रा तथा नीरज कुमार मौजूद रहे। वहीं अतिथियों में विजय तिवारी, रवि प्रकाश मणि त्रिपाठी, सुधांशु मिश्रा, आमोद पांडेय, चंदन तिवारी, चंद्रमोहन पांडेय, पिंटू पांडेय, अभिषेक मिश्रा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फाल्गुन महोत्सव के आयोजन से क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा मिला तथा लोगों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
