देवरिया जिले में मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वस्थ मेला के तहत रविवार को आयोजित स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोरमा कन्होली तथा रामलक्षन पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने आरोग्य मेले में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और चिकित्सकों सहित स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि मेले में आने वाले सभी मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध सभी सुविधाएं समय पर प्रदान की जाएं। साथ ही होली पर्व को देखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी तरह तैयार रहने को कहा।
सीएमओ सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोरमा कन्होली पहुंचे, जहां चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स तथा अन्य कर्मचारी मौजूद मिले। ओपीडी में मरीजों का इलाज किया जा रहा था। उन्होंने मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने और अस्पताल में सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने दवा भंडारण कक्ष और लैब का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने को कहा।
इसके बाद सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामलक्षन पहुंचे, जहां चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद मिले। उन्होंने लैब में जांच की व्यवस्था की जानकारी ली और कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलना चाहिए तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए।
इस दौरान जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल भी मौजूद रहे।
