गोपालगंज: होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। डीएम पवन कुमार सिन्हा और एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व सदर एसडीओ अनिल कुमार और सदर एसडीपीओ प्राजंल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान उत्पाद अधीक्षक, निरीक्षक जनार्दन प्रसाद तथा नगर थाना प्रभारी प्रवीण प्रभाकर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च कलेक्ट्रेट परिसर से निकलकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से संवाद स्थापित कर शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने वालों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सदर एसडीओ अनिल कुमार ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। वहीं अवैध शराब की बिक्री और नशाखोरी पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उत्पाद विभाग की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन की इस पहल से शहरवासियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और शांतिपूर्ण होली का संदेश दिया गया है।
