गोपालगंज में होली पर्व से पहले पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आम लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। शहर के पोस्ट ऑफिस चौक पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बीते एक माह के दौरान चोरी और गुम हुए 70 मोबाइल फोन तथा 9 मोटरसाइकिल बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे गए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने स्वयं लोगों को उनके मोबाइल और बाइक सुपुर्द किए। अपना खोया सामान वापस पाकर लोगों की खुशी देखते ही बन रही थी। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता ने यह संभव कर दिखाया।
एसपी ने बताया कि जिले में विशेष अभियान चलाकर तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के माध्यम से मोबाइल फोन बरामद किए गए। साथ ही चोरी की गई 9 मोटरसाइकिल भी जब्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वाहन स्वामियों को सौंप दी गई।
इस मौके पर पुलिस ने सभी बाइक मालिकों को एक-एक हेलमेट भी प्रदान किया। एसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। हेलमेट पहनना जीवन की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
