नए शिक्षा सत्र से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए कॅरिअर मार्गदर्शन की नई पहल शुरू की जा रही है। अब तक यह सुविधा केवल राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को ही उपलब्ध थी, लेकिन अब कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं भी इसका लाभ उठा सकेंगी।

जनपद में कुल 14 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित हैं, जिनमें लगभग 1400 बालिकाएं अध्ययनरत हैं। इन विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, एयर होस्टेस और ब्यूटीशियन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कॅरिअर बनाने के बारे में जानकारी दी जाएगी।

इसके लिए विद्यालयों में साप्ताहिक कक्षाओं के संचालन की तैयारी की जा रही है। इन कक्षाओं के माध्यम से छात्राओं को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के बाद उपलब्ध प्रोफेशनल कोर्स और कॅरिअर विकल्पों की जानकारी दी जाएगी।

दरअसल, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का संचालन पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं को आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जाता है। शासन के निर्देश पर शुरू की जा रही यह पहल छात्राओं को अपने भविष्य के लिए सही दिशा चुनने में मदद करेगी।