देवरिया में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व उपजिलाधिकारी सदर श्रुति शर्मा का मोबाइल हैक कर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने उनके नाम का इस्तेमाल कर उनके एक परिचित से 40 हजार रुपये ठग लिए।

जानकारी के अनुसार साइबर अपराधी ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के मोबाइल को हैक कर उनके जानने वाले व्यक्ति से संपर्क किया और खुद को श्रुति शर्मा बताते हुए कहा कि उन्हें तत्काल 40 हजार रुपये की जरूरत है और कुछ समय बाद वह रुपये वापस कर देंगी। इस पर भरोसा करते हुए परिचित व्यक्ति ने बताए गए खाते में 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

बाद में जब इस घटना की जानकारी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को हुई तो वह हैरान रह गईं। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सीओ सिटी और एडिशनल एसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय को दी। इसके बाद साइबर थाना की टीम मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार जिस मोबाइल नंबर से रुपये की मांग की गई है, वह नंबर नोएडा क्षेत्र का बताया जा रहा है। साइबर टीम नंबर की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।

एडिशनल एसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का मोबाइल हैक कर रुपये मांगने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जल्द ही साइबर अपराधी को पकड़ लिया जाएगा