गोपालगंज। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सदर विधायक सुभाष सिंह की ओर से महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
समारोह के दौरान विधायक सुभाष सिंह ने शिक्षिका श्वेता गुप्ता, प्रियंका पाण्डेय, गीता कुमारी और शालिनी कुमारी के साथ ही आंगनबाड़ी सेविका स्नेहलता श्रीवास्तव तथा रीना देवी को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक सुभाष सिंह ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं, जो पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश भारती और भाजपा जिला महामंत्री दीपक कुमार दीपू ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं का योगदान लगातार बढ़ रहा है और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए।
कार्यक्रम में कई सामाजिक कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

