देवरिया: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से सोमवार को महाराजा अग्रसेन डिग्री कॉलेज में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य वक्ता डॉ. रजनी त्रिपाठी ने कहा कि महिलाएं आज समाज के सभी क्षेत्रों में कार्य करते हुए राष्ट्र हित में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को विशेष स्थान प्राप्त है और समाज को गौरवान्वित करने वाली महिलाएं ही वास्तविक अर्थों में आदर्श वीरांगना होती हैं। उनका व्यक्तित्व और चरित्र समाज के लिए प्रेरणास्रोत होता है।
नागरी प्रचारिणी की कार्यकारी सदस्य डॉ. शकुंतला दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां सदैव समृद्धि बनी रहती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में गोरक्ष प्रांत की प्रांत राष्ट्रीय कला मंच सह प्रमुख रानी दुर्गावती ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर एबीवीपी देवरिया विभाग के संगठन मंत्री प्रशांत मणि त्रिपाठी, जिला संगठन मंत्री सात्विक श्रीवास्तव, अंजली तिवारी, सलोनी सिंह, सुषमा तिवारी, कल्पना श्रीवास्तव, अमन त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

