देवरिया। रसोई गैस सिलिंडरों की चल रही किल्लत के बीच कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति पर रोक से शहर का बाजार भी प्रभावित होने लगा है। सबसे अधिक संकट होटल और रेस्टोरेंट संचालकों पर पड़ा है, जिनके पास अब केवल दो से तीन दिन का ही गैस का बफर स्टॉक बचा है। गोदाम से कॉमर्शियल सिलिंडर नहीं मिलने के कारण कई रेस्टोरेंटों को चाट, पकौड़ी, बर्गर और अन्य फास्ट फूड की बिक्री रोकनी पड़ रही है।

देवरिया शहर के सिविल लाइंस, कोतवाली रोड, रुद्रपुर मोड़ और ओवरब्रिज क्षेत्र में कई बड़े रेस्टोरेंट हैं, जहां दिनभर लोगों की भीड़ रहती है। इन रेस्टोरेंटों में वेज और नॉनवेज व्यंजन बनाने के लिए रसोई गैस सिलिंडर का ही इस्तेमाल किया जाता है। गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से अब इन स्थानों पर खाना बनाने में परेशानी होने लगी है।

सिविल लाइंस रोड के एक बड़े रेस्टोरेंट ने मंगलवार की शाम से ही अपने चाट के स्टॉल को यह कहकर बंद कर दिया कि कारीगर छुट्टी पर हैं। वहीं रुद्रपुर मोड़ स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार को गैस सिलिंडर नहीं होने के कारण दिनभर खाना नहीं बन पाया, जिससे दुकान खुली होने के बावजूद बिक्री बंद रही।

रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि यदि जल्द गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।