देवरिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च को समाप्त हो रही हैं। इन परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू किया जाएगा। इसके लिए जिले से उत्तर पुस्तिकाओं को विभिन्न मूल्यांकन केंद्रों पर भेजने की तैयारी की जा रही है।
जिले में पांच मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां अन्य जिलों से भी उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचेंगी। हालांकि इन उत्तर पुस्तिकाओं को 13 मार्च के बजाय अब 16 मार्च से भेजे जाने की संभावना है। इसके पीछे 14 और 15 मार्च को होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को प्रमुख कारण बताया जा रहा है।
दरअसल, जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए 10 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज भी शामिल है, जिसे यूपी बोर्ड ने उत्तर पुस्तिका संकलन केंद्र बनाया है। ऐसे में 14 और 15 मार्च को वहां कॉपियों को ट्रकों पर लोड करना संभव नहीं होगा।
परीक्षा समाप्त होने के बाद 15 मार्च को ही उत्तर पुस्तिकाओं को ट्रकों पर लोड किया जा सकेगा। इसके चलते इन्हें 16 मार्च से पहले अन्य स्थानों पर भेजना संभव नहीं होगा।
हालांकि माध्यमिक शिक्षा विभाग दूर भेजे जाने वाले बंडलों को 13 मार्च को भेजने का प्रयास कर रहा है, लेकिन 12 मार्च को बोर्ड परीक्षा समाप्त होने और 13 मार्च को बीआरडी कृषक इंटर कॉलेज भाटपाररानी उपसंकलन केंद्र से उत्तर पुस्तिकाएं आने के बाद ही आगे भेजने की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।

