संतकबीरनगर जिले के कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़सरपार गांव में सागौन के पेड़ काटकर लकड़ी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान कृष्ण मोहन निवासी शिवपुर पड़रही थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया, घनश्याम प्रजापति निवासी जंगल रामलखना और जितेंद्र पासवान निवासी जयपुर थाना खोराबार जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि 19 मार्च को अब्दुल अलीम निवासी गड़सरपार ने थाना कोतवाली खलीलाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 मार्च की रात उनके खेत से दो सागौन के पेड़ और पास के खेत से एक पेड़ काटकर चोरी कर लिया गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 मार्च को मगहर स्थित संतकबीर आश्रम तिराहे के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से एक पिकअप, एक लग्जरी कार, चोरी के 12 बोटा सागौन की लकड़ी, एक आरा और रस्सा बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में रेकी कर सुनसान जगहों को चिन्हित करते थे और रात में पेड़ काटकर लकड़ी चोरी करते थे। बरामद लकड़ी देवरिया में छिपाई गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धाराएं बढ़ा दी हैं।
एएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी कृष्ण मोहन के खिलाफ पहले से दस आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी हो चुकी है, जबकि घनश्याम पर चार मामले दर्ज हैं। एसपी द्वारा टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है।

