गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र से एक अनोखी और खुशी भरी खबर सामने आई है, जहां एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। इस घटना के बाद परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मांझागढ़ थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी अख्तर हुसैन की पत्नी सादिया शमी ने पटना स्थित सारिका राय शिवं अस्पताल में एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार, जच्चा और तीनों नवजात पूरी तरह सुरक्षित हैं और डॉक्टरों की निगरानी में स्वस्थ हैं।
इस खबर के सामने आते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग इसे ईश्वर और अल्लाह की विशेष कृपा मान रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जहां कई लोग संतान सुख के लिए वर्षों तक प्रार्थना करते हैं, वहीं एक साथ तीन बच्चों का जन्म होना किसी चमत्कार से कम नहीं है।
परिजनों ने बताया कि प्रसव के दौरान डॉक्टरों की टीम ने पूरी सतर्कता और देखभाल के साथ सफल डिलीवरी कराई। फिलहाल मां और बच्चे स्वस्थ हैं, जिससे परिवार के लोग बेहद खुश हैं।
गांव में लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं और नवजात बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है और हर कोई इसे ईश्वर की अनुकंपा बता रहा है।

