गोपालगंज: जिले में विदेशों से लौटे श्रमिकों के सत्यापन को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित बैठक के बाद जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने प्रेस वार्ता कर इस पहल की जानकारी दी। उन्होंने सभी बीडीओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर ईरान-इज़राइल संघर्ष के बीच लौट रहे श्रमिकों का व्यवस्थित सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने बताया कि इस कार्य में गांव स्तर पर चौकीदार और दफादार की मदद ली जाएगी, ताकि हर पंचायत से सही और सटीक जानकारी जुटाई जा सके। सत्यापन के दौरान श्रमिकों का नाम, पता, मोबाइल नंबर, उनका कार्य क्षेत्र, किस देश और किस कंपनी में कार्यरत थे, इसकी विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य केवल सुरक्षा के दृष्टिकोण से डेटा एकत्र करना नहीं है, बल्कि इन श्रमिकों के अनुभव और कौशल का उपयोग कर उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ना भी है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। प्रशासन का मानना है कि इससे न केवल सही पहचान सुनिश्चित होगी, बल्कि जिले में रोजगार के अवसर बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
