देवरिया जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में 31 मार्च 2026 को यह अभियान शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चलाया गया।
यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रुद्रपुर मोड़, बस स्टैंड और कसया ओवर ब्रिज जैसे व्यस्त क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की। इस दौरान सड़क किनारे वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस के अभाव, बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बाइक चलाने और बाइक पर अवैध हूटर का प्रयोग करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा वाहनों की भी जांच की गई, जहां सही कागजात पाए जाने पर वाहनों की नंबरिंग की गई। इस पूरे अभियान के दौरान कुल 136 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि 2 वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित होता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आती है। साथ ही वाहन चालकों को यह स्पष्ट संदेश दिया जाता है कि नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
देवरिया यातायात पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
