गोपालगंज में पेट्रोल, डीजल, घरेलू गैस और सीएनजी की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। डीएम पवन कुमार सिन्हा ने कहा कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
प्रेस वार्ता के दौरान डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन लगातार बाजार पर नजर बनाए हुए है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्ट्रेट में बनाए गए कंट्रोल रूम में आई शिकायतों का तत्काल समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल को गैलन या डिब्बों में बेचने पर रोक लगा दी गई है, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी को रोका जा सके। साथ ही, घरेलू गैस की भी पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की किल्लत नहीं है।
डीएम ने बताया कि “दीदी की रसोई” जैसी योजनाओं पर भी इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन की खरीदारी करें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
