गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र के चौराव गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हिस्से के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई और उसके परिवार पर फरसा व लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के अनुसार, जगरनाथ यादव अपने बड़े भाई से जमीन में हिस्सा मांगने और मकान निर्माण की बात करने पहुंचे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बड़े भाई ने गुस्से में आकर फरसा से हमला कर दिया।
इस हमले में जगरनाथ यादव, उनकी पत्नी पासपति देवी और पुत्र दीपक यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह घायलों को कुचायकोट सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
