देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

घटना बरडीला अली गांव की है, जहां 32 वर्षीय अजय पाण्डेय का शव बुधवार देर रात गांव के पश्चिम दिशा में स्थित एक खेत में आम के पेड़ से लटका मिला। बताया जा रहा है कि अजय पाण्डेय घर पर रहकर पूजा-पाठ का कार्य करते थे।

परिजनों के अनुसार, अजय बुधवार शाम किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। रात करीब 11 बजे गांव के लोगों ने खेत में पेड़ से लटका शव देखा और पहचान अजय पाण्डेय के रूप में की।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है और गांव में शोक का माहौल है।