देवरिया जनपद से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 16 वर्षीय किशोरी की चाकू से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, नौतन हथियागढ़ गांव निवासी अंजली अपनी बड़ी बहन गुड़िया और छोटे भाई अनीश के साथ शनिवार रात करीब 8 बजे सहोदर पट्टी चौराहा मोबाइल ठीक कराने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और तीनों को रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने अंजली और उसके भाई-बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक युवक ने चाकू निकाल लिया। डर के चलते तीनों जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर अंजली को गेहूं के खेत में पकड़ लिया।
वहां आरोपियों ने पीछे से गर्दन पर चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अंजली के गिरने के बाद भी हमलावर नहीं रुके और दोबारा लौटकर उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि कुछ महीने पहले गांव में हुए विवाद और पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही रात में ही पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
