गोपालगंज जिले में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने खुद मौजूद रहकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए करीब 55 लोगों की शिकायतें सुनीं।

जनता दरबार में पहुंचे लोगों को व्यवस्थित तरीके से बैठाकर उनकी समस्याएं सुनी गईं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

बताया गया कि दरबार में आए अधिकांश मामले भूमि विवाद से जुड़े थे, जिनमें पारिवारिक और आपसी विवाद प्रमुख रहे। इसके अलावा कुछ अन्य शिकायतें भी सामने आईं, जिन पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एसपी विनय तिवारी ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर शिकायत का गंभीरता से निस्तारण किया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस पहल से लोगों में विश्वास बढ़ा है और उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशासन की इस सक्रियता से जिले में कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई व्यवस्था और बेहतर होगी।