देवरिया जनपद में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना रामपुर कारखाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आदित्य सिंह उर्फ शिवम सिंह और राकेश कुमार गौड़ के रूप में हुई है, जो शाहबाजपुर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर तरकुलवा-रामपुर कारखाना पटनवा पुल मार्ग से दोनों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आदित्य सिंह के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू और राकेश कुमार के पास से एक अवैध चाकू बरामद किया गया। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि 4 अप्रैल 2026 को एक युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में 5 अप्रैल को थाना रामपुर कारखाना में मामला दर्ज किया गया था और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार प्रधान सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की सख्ती का संदेश गया है।