देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन, शनि और डेविड के रूप में हुई है, जो सभी डुमरी गांव के निवासी हैं। पुलिस ने इन्हें आरोपी चंदन के घर से गिरफ्तार किया है। इस मामले में थाना लार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि 6 अप्रैल की शाम को वादिनी स्नेहा देवी के पति अपने साथियों के साथ ब्रह्मभोज में जा रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एक दिन के भीतर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में थाना लार पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।

पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।