देवरिया जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने रविवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। मुख्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।
बैठक के दौरान एसपी ने अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
अभिजीत आर. शंकर वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वे अंबेडकरनगर और औरैया में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। साथ ही उन्होंने लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त के पद पर भी कार्य किया है। मूल रूप से केरल के निवासी शंकर की पहचान एक सख्त, अनुशासित और पेशेवर अधिकारी के रूप में रही है।
उनके पूर्व कार्यकाल में अपराध नियंत्रण को लेकर किए गए प्रभावी कदमों की काफी सराहना हुई थी। यही वजह है कि देवरिया में उनकी तैनाती को लेकर प्रशासनिक और आमजन दोनों स्तरों पर काफी उम्मीदें जताई जा रही हैं।
नवागत एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीम वर्क के साथ काम करें और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करें। उन्होंने यह भी कहा कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
