गोपालगंज जिले में भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुचायकोट के जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार पाण्डेय, उनके भाई सतीश पाण्डेय और राहुल तिवारी के खिलाफ कोर्ट ने वारंट जारी किया है। इन पर भू-माफियाओं को संरक्षण देने और जमीन कब्जाने में सहयोग करने का गंभीर आरोप है।

जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल को कुचायकोट थाना क्षेत्र के बेलवा गांव स्थित 93 एकड़ जमीन पर कुछ भू-माफिया स्कॉर्पियो से पहुंचे थे। जमीन की मालकिन किरण सिन्हा के मैनेजर जितेंद्र कुमार राय को देखकर आरोपितों ने जमीन छोड़ने की धमकी दी और फायरिंग भी की थी। इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया था।

जांच के दौरान सामने आया कि इस मामले में विधायक अमरेंद्र कुमार पाण्डेय, उनके भाई सतीश पाण्डेय और राहुल तिवारी की भूमिका संदिग्ध है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिसके बाद कुचायकोट पुलिस ने कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल कर वारंट जारी कराने की प्रक्रिया पूरी की।

वारंट जारी होते ही पुलिस टीम तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसपी विनय तिवारी ने स्पष्ट कहा है कि भू-माफियाओं को संरक्षण देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इधर, जिले में सक्रिय भू-माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू किया है। पुलिस ने करीब एक दर्जन ऐसे लोगों को चिन्हित किया है, जो जेल से छूटने के बाद जमीन कब्जाने के धंधे में सक्रिय हो जाते हैं। इन सभी के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है।