गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में किसान की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुबोध सिंह के रूप में हुई है, जो गांव के ही निवासी थे।

जानकारी के अनुसार, सुबोध सिंह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत में पहले से गिरे ट्रांसफार्मर के तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वे बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, खेत में ट्रांसफार्मर का तार पहले से ही गिरा हुआ था, लेकिन इसकी मरम्मत नहीं की गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश और शोक का माहौल है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।