गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1400 लीटर पास को नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महोदीपुर पकड़िया गांव के चंवर इलाके में अवैध शराब बनाने के लिए भारी मात्रा में पास जमा किया गया है। सूचना के आधार पर दरोगा रंजीत मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 14 ड्रमों में भरे करीब 1400 लीटर पास को बरामद किया। पुलिस ने मौके पर ही सभी पास को नष्ट कर दिया, ताकि इसका उपयोग अवैध शराब बनाने में न किया जा सके। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान कोई भी तस्कर मौके पर मौजूद नहीं मिला।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बरौली पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
