देवरिया जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। 15 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में पूरे जिले के थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों द्वारा ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ एवं ‘शक्ति दीदी’ अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत थाना भटनी क्षेत्र के ग्राम जिगना दीक्षित में उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश दूबे, मुख्य आरक्षी हरिकांत प्रसाद और महिला आरक्षी राजनन्दनी की टीम ने महिलाओं और बच्चियों को जागरूक किया। वहीं थाना मदनपुर क्षेत्र में सीबीआई बैंक, ग्राम करायल शुक्ल में भी इसी तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां पुलिस टीम ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिलाओं को डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों पर भी पम्पलेट वितरित कर जागरूकता फैलायी गई। पुलिस का उद्देश्य है कि महिलाएं किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।
इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सुरक्षा का माहौल मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
