देवरिया के विकास भवन स्थित गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के किसानों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों ने समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक ने पिछली बैठक की शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी और किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने की अपील की। उन्होंने गेहूं कटाई के दौरान फसल अवशेष न जलाने की भी सलाह दी और बताया कि जिले में खाद और बीज की कोई कमी नहीं है। साथ ही खरीफ सीजन के लिए बीज वितरण जल्द शुरू होने की जानकारी दी गई।
बैठक में किसानों ने मंडी में बैठने की व्यवस्था, सब्जी बिक्री के लिए स्थान निर्धारण, खरीद केंद्रों पर बोरे की कमी और मलकौली में केंद्र संचालन जैसी समस्याएं उठाईं। इसके अलावा गेहूं को पतला बताकर की जा रही कटौती का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि अब तक 8.27 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष भुगतान प्रक्रिया में है। वहीं फसल बीमा के तहत 1621 किसानों को करीब 30 लाख रुपये का भुगतान प्रस्तावित है।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि किसी खरीद केंद्र पर गेहूं को पतला बताकर अस्वीकार किया जाता है, तो उसका कारण लिखित में लिया जाए। साथ ही अनियमितता या कालाबाजारी की सूचना तत्काल देने को कहा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, किसान प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
