देवरिया जिले में दिव्यांगजनों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से आवश्यक सहायक उपकरणों के वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी ने जनपद के सभी पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
जानकारी के अनुसार, जिन दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, कान की मशीन, स्मार्ट केन (दृष्टि बाधित दिव्यांगजनों के लिए) और सीपी चेयर की आवश्यकता है, वे विभागीय कार्यालय में पहुंचकर इन उपकरणों को प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी है, जो दैनिक जीवन में चलने-फिरने या अन्य गतिविधियों में कठिनाई का सामना करते हैं।
इसके लिए दिव्यांगजनों को कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कक्ष संख्या-17, विकास भवन, देवरिया में उपस्थित होना होगा। साथ ही उन्हें अपने साथ आवश्यक दस्तावेज जैसे दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और आय प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा।
अधिकारी ने बताया कि सरकार की मंशा है कि दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनें और उन्हें दैनिक जीवन में सहूलियत मिल सके। ऐसे में यह योजना उनके लिए काफी मददगार साबित हो सकती है।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र लोगों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर इस योजना का लाभ उठाएं और अपने जीवन को आसान बनाएं
