देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र के काशीपुर गांव में एक मामूली मोबाइल विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित युवक हरिश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने गांव के एक व्यक्ति का मोबाइल हाथ में लिया था, इसी बात को लेकर उस पर चोरी की नीयत का आरोप लगाया गया और कुछ लोगों ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी।
मारपीट के दौरान युवक के सिर पर गंभीर चोट आई और उसका सिर फट गया। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उसका इलाज कराया गया। घायल युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों—राजन, पियर, अमन, राखी और मालती—के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की सक्रियता के कारण स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
