सोहनपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह के बाद बीमार पड़े युवक की इलाज के दौरान मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और कई लोग अभी भी बीमार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, विकासखंड बनकटा के गोरया टोला सोहनपुर में 15 अप्रैल की रात सिवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के बजीदही गांव से बारात आई थी। आरोप है कि शादी में परोसे गए भोजन में गड़बड़ी होने के कारण घराती और बाराती बीमार पड़ने लगे।

अगले दिन भोर होते-होते कई लोगों को तेज बुखार, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। बीमार लोगों को स्थानीय अकटही बाजार के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर हालत वाले मरीजों को देवरिया और अन्य स्थानों पर इलाज के लिए भेजा गया।

इसी बीच 22 वर्षीय पवन कुमार यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने पहले घर पर ही उपचार किया, लेकिन हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान रविवार दोपहर उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है। अभी भी कई ग्रामीण पेट दर्द, बुखार और उल्टी-दस्त की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

इस मामले में बनकटा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।