गोपालगंज: जिले के जादोपुर रोड स्थित जिला परिषद कार्यालय के सभागार में जिला परिषद की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष सुभाष सिंह ने की, जिसमें विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान जिप अध्यक्ष सुभाष सिंह ने बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे पोल को नियमों के अनुसार न लगाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में स्कूली बच्चों को परोसे जा रहे मध्यान्ह भोजन योजना की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में परोसा जा रहा भोजन बेहद घटिया स्तर का है और इसकी तत्काल जांच होनी चाहिए।

साथ ही, विद्यालयों में लगाए गए समरसेबल पंप और अन्य कार्यों में संभावित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया गया। जिला पदाधिकारी और कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद से इन सभी मुद्दों की जांच कराने की मांग की गई।

बैठक में जिला परिषद की खाली दुकानों पर मॉल और मार्केट बनाने के प्रस्ताव पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान डीडीसी निशांत कुमार विवेक, जिला परिषद उपाध्यक्ष अंकु राय, और सभी जिप सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *