महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से चल रहे मिशन शक्ति फेज-05 के अंतर्गत जनपद देवरिया में एक अनूठी पहल की गई।

पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन के निर्देशन में 24 सितंबर 2025 को थाना लार की चौकी कस्बा लार में कक्षा 8 की छात्रा जूही कुमारी को एक दिन का “चौकी प्रभारी” बनाया गया।

इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से अवगत कराना, उनमें नेतृत्व के गुण विकसित करना और यह अनुभव दिलाना था कि वे भी समाज में जिम्मेदार भूमिकाएँ निभा सकती हैं।

जूही कुमारी ने चौकी प्रभारी का दायित्व संभालते हुए जनसुनवाई प्रक्रिया में भाग लिया। इस दौरान कुल 03 फरियादियों की समस्याएँ सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं न्यायोचित निस्तारण हेतु निर्देश दिए।

इस अवसर पर चौकी प्रभारी अश्वनी प्रधान, अन्य पुलिस अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने जूही के आत्मविश्वास और समझदारी की जमकर सराहना की।

पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बालिकाओं में आत्मबल बढ़ता है और वे भविष्य में राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदार भूमिकाएँ निभाने के लिए प्रेरित होती हैं। मिशन शक्ति के तहत इस तरह के नवाचारपूर्ण प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *