जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संजीन सुमन के निर्देशन में शुक्रवार (26.09.2025) को सुबह 5 बजे से 8 बजे तक “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, छोटे-मोटे विवादों को सामुदायिक स्तर पर सुलझाना और मित्र पुलिसिंग की भावना को जागृत करना रहा।
अभियान के दौरान जनपदभर में पुलिस अधिकारियों ने सुबह टहलने निकले लोगों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की गई। इसमें चोरी की गाड़ियों की तलाश, तीन सवारी पर कार्रवाई, मोडिफाइड साइलेंसर वाले दुपहिया वाहनों का चालान, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक, अवैध असलहा व मादक पदार्थों की बरामदगी पर विशेष फोकस किया गया।
जनसामान्य ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और मॉर्निंग वॉक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और जनता की सुरक्षा, शांति व विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
