गोपालगंज।
समृद्धि यात्रा के चौथे दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड स्थित हाई स्कूल मैदान पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों को कुल 325.48 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 131.44 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 194.04 करोड़ रुपये की नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पूर्व प्रखंड कार्यालय परिसर में जीविका दीदियों सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इसके बाद वे सभा स्थल पहुंचे और लोगों को संबोधित किया। मंच से मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी ने लोकतंत्र को और मजबूत किया है तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार की स्थिति बेहद खराब थी। कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली की हालत दयनीय थी। उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद कानून का राज स्थापित किया और बिना भेदभाव सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य किया।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वर्ष 2020 में किए गए 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार के वादे को काफी हद तक पूरा किया जा चुका है। अब सरकार ने आगामी पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है।

महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने बताया कि पंचायती राज, पुलिस सेवा और सरकारी नौकरियों में महिलाओं को आरक्षण देकर उन्हें मुख्यधारा में लाया गया। साथ ही जीविका समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से राज्य में सड़क, पुल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं और आगे भी विकास की गति तेज रहेगी।