मांझागढ़ (गोपालगंज)। रविवार की सुबह मांझागढ़ थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी 60 वर्षीय किसान व सामाजिक कार्यकर्ता मनौअर हवारी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार मनौअर हवारी रविवार अहले सुबह साइकिल से बरौली जा रहे थे, जहां से उन्हें बस पकड़कर पटना में रह रही अपनी पुत्री के पास जाना था। इसी दौरान बरौली थाना क्षेत्र के कहला विशुनपुरा गंडक पुल के समीप एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनौअर हवारी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बताया जाता है कि मृतक के तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं, जो सभी पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार एक भतीजी की शादी की तैयारी में भी लगा हुआ था। मनौअर हवारी परिवार के एकमात्र सहारा थे। उनकी मौत के बाद पत्नी नईमा खातून, पुत्र मनिहाज आलम, पुत्रियां तबस्सुम प्रवीण, नजिया प्रवीण और कहकाश प्रवीण का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई तसौर हवारी भी सदमे में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मनौअर हवारी रोजाना सबसे पहले मस्जिद में नमाज अदा करते थे, लेकिन रविवार को वे बिना नमाज पढ़े ही पटना जाने के लिए निकल पड़े थे।
