गोपालगंज जिले में होली के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार और ई-रिक्शा सवार समेत 19 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोईनी मोड़ के पास दो बाइकों की टक्कर में मधुसरेया गांव निवासी बलराम यादव और नितेश यादव घायल हो गए। वहीं भोजपुरवा मोड़ के समीप एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार रंजन कुमार, अरविंद राम और कल्लू प्रसाद घायल हो गए।
इसी तरह कुचायकोट थाना क्षेत्र के सासामुसा बाजार के पास दो बाइकों की टक्कर में सिरिसिया गांव निवासी मंजूर आलम, साहिल कुमार और अली असगर घायल हो गए। तीनों युवक होली के मौके पर अपने दोस्त के घर जा रहे थे।
वहीं थावे थाना क्षेत्र के सेमरा गांव के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें बाइक सवार आलोक कुमार, निशांत कुमार और अटल कुमार घायल हो गए। इसके अलावा जिले के अन्य स्थानों पर भी सड़क हादसों में कई लोग जख्मी हुए।
होली के दिन हुए इन अलग-अलग हादसों में कुल 19 लोग घायल हुए हैं। हादसों के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
