गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के पैठानपटी गांव में होली के दौरान अश्लील गाना बजाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। विरोध करने पर कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को पैठानपटी गांव में कुछ युवक लाउडस्पीकर पर तेज आवाज में अश्लील होली गीत बजा रहे थे। इसी गांव के केदार यादव के पुत्र अजीत कुमार यादव ने इसका विरोध करते हुए गाना बंद करने को कहा। इस बात से नाराज युवकों ने अजीत कुमार यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी और चाकू मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर मांझागढ़ थानाध्यक्ष निरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल तीन आरोपितों सुमित यादव, अरविंद कुमार यादव और केशव यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।