गोपालगंज शहर के बंजारी मोड़ के समीप नाला रोड स्थित एक घर में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर करीब छह लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मकान मालकिन चिंता देवी होली पर्व के अवसर पर अपने पैतृक गांव गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे आभूषण सहित अन्य कीमती सामान चुरा लिया। बुधवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने घर का ताला टूटा देखा तो इसकी सूचना चिंता देवी को दी।
सूचना मिलने पर वह तुरंत घर पहुंचीं और अंदर सामान बिखरा देख नगर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
