गोपालगंज। शहर के एक मैरिज हॉल में भगवान परशुराम जयंती आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित “तुलसी के राम ब्राह्मण स्वाभिमान महापंचायत” में ब्राह्मण समाज की एकजुटता और सनातन की रक्षा पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन एवं राज्यसभा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि ब्राह्मण का काम सनातन धर्म की रक्षा करना और पूरे समाज को साथ लेकर चलना है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ने अपने जीवन में उच्च आदर्श स्थापित किए और तुलसीदास ने उन्हें जन-जन तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज अनादि काल से समाज का नियामक और अगुआ रहा है, लेकिन आज कुछ लोग उन्हें अपमानित करने और कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ब्राह्मणों की उपेक्षा करने वाले किसी भी राजनीतिक दल को सत्ता से बाहर होना पड़ेगा।
इस मौके पर पूर्व विधान पार्षद टुन्ना जी पांडे ने कहा कि ब्राह्मण समाज को एकजुट रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुट्ठीभर लोग ब्राह्मणों का अपमान कर रहे हैं, लेकिन समाज उन्हें मुंहतोड़ जवाब देगा।
जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष मुकेश पांडे ने घोषणा की कि जिले के भूमिहीन ब्राह्मणों को भूमि उपलब्ध कराकर घर बनाने में सहयोग दिया जाएगा। वहीं, समिति के संयोजक विजय तिवारी ने कहा कि राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक स्तर पर हो रहे प्रहार अब सहन नहीं किए जाएंगे।
कार्यक्रम का मंच संचालन रवि प्रकाश मणि त्रिपाठी ने किया।
