गोपालगंज। जिले के शिक्षा विभाग परिसर में रविवार (14 सितंबर 2025) को नियोजित शिक्षकों की आपात बैठक आयोजित हुई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता श्री प्रकाश नारायण और श्री सत्येंद्र कुमार ने की।

बैठक में माननीय उच्च न्यायालय पटना के उस आदेश पर चर्चा हुई, जिसमें नियोजित शिक्षकों को कालबद्ध स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति, प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति तथा उनका ग्रेडेशन निर्धारित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अदालत ने यह भी कहा है कि बिहार शिक्षा विभाग तीन माह के भीतर इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रकाश नारायण ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन के लिए शिक्षा विभाग ने सकारात्मक कदम उठाए हैं। इसके तहत एक नव-सदस्यीय विभागीय समिति गठित की गई है, जो राज्यभर के शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं — जैसे वेतन विसंगति, प्रोन्नति, सेवा निरंतरता और वित्तीय मुद्दों — पर 15 दिनों के भीतर प्रतिवेदन देगी।

सत्येंद्र कुमार ने कहा कि जिला शिक्षा पदाधिकारी गोपालगंज योगेश कुमार भी इस समिति के सदस्य हैं। इसी क्रम में नियोजित शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि शिक्षा विभाग में कार्यरत छह प्रकार के शिक्षकों की वेतन विसंगति को दूर कर एकरूपता के सिद्धांत पर समाधान किया जाए।

बैठक में यह चेतावनी भी दी गई कि यदि विभाग और सरकार निर्धारित समयसीमा में नियोजित शिक्षकों की प्रोन्नति, विशिष्ट शिक्षकों की वेतन विसंगति और सेवा निरंतरता के मुद्दे का समाधान नहीं करती है, तो राज्यभर के शिक्षक गोलबंद होकर आंदोलन की राह अपनाएंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग और बिहार सरकार की होगी।

सभा में मुख्य रूप से संजीव कुमार, अमरेश कुमार राय, चिंतामणि तिवारी, राजेश कुमार शाह, प्रभात कुमार सिंह, निर्भय कुमार, पूजन राम, मोहम्मद इदरीश, परमहंस राय, राजेश कुमार सिंह, ओमप्रकाश प्रसाद, हरकेश कुमार राय, शंकर भगवान यादव, सुनीता कुमारी, धर्मनाथ राय, मीना देवी, अनिल कुमार चौबे, मोहम्मद रईस, गौतम दास, ओम प्रकाश शाह, रविंद्र नाथ, श्रीकांत सिंह, राजकुमार, अनीश कुमार सिंह, नीरज कुमार सिंह, निर्भय कुमार अटल, राजू कुमार, हरकेश कुमार राय समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *