गोपालगंज।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से आयोजित “सर्वजन हिताय जागरूकता यात्रा” के तहत मंगलवार को आंबेडकर भवन में सभा का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में बसपा के चीफ नेशनल कोऑर्डिनेटर एवं यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के भतीजे आकाश आनंद पहुंचे। इस मौके पर नेशनल कोऑर्डिनेटर व राज्यसभा सदस्य रामजी गौतम, केंद्रीय प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार सहित कई राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय नेता भी मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को एकजुट होकर बसपा को मजबूती देनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में जातिवादी और पूंजीवादी दल संविधान की मूल भावना को बदलने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के अधिकार खतरे में हैं।
कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कहा कि इनकी नीतियों से गरीब, मजदूर, किसान और व्यापारी वर्ग की हालत लगातार खराब होती रही है।
इस अवसर पर केंद्रीय प्रदेश प्रभारी नर्मदा प्रसाद अहिरवार, एडवोकेट सुरेश राव, लालजी मेघांकर, उमाशंकर गौतम और प्रदेश अध्यक्ष शंकर महतो ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राम, प्रदेश सचिव शादमान अली, जिला महासचिव रंजय पासवान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
