गोपालगंज।
मांझागढ़ थाना क्षेत्र के गोविंदापुर गांव में शादी के पांच माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार सुबह शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गौसिया डूमरिया गांव निवासी शहीद मियां की पुत्री सकीना खातून की शादी बीते अप्रैल में गोविंदापुर गांव के कीनू आलम के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में तीन लाख नकद और सामान की मांग कर रहा था तथा उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
सोमवार देर रात सकीना की मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज न मिलने पर उसकी हत्या की गई। शव पर गले और हाथ में चोट के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
